दो दिव्यांग खिलाड़ियों का स्पेशल ओलंपिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन

Spread the love

कीर्तिनगर : विकासखंड कीर्तिनगर क्षेत्र के दो दिव्यांग प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन स्पेशल ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता रोहतक (हरियाणा) में मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोट्र्स भारत सरकार की ओर से तीन से छह फरवरी तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। चयनित खिलाड़ियों में राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम खोला कड़ाकोट व राहुल रतूड़ी, निवासी ग्राम पाली डागचौरा शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी एथलेटिक्स विधा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता जो हाल ही में ऋषिकेश में आयोजित की गई थी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। अब यह खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज, खोला कड़ाकोट के व्यायाम शिक्षक सतीश बलूनी व देहरादून के जगदीश चौहान के मार्गदर्शन में प्रतिभाग करेंगे। बलूनी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी पूर्व में राजकीय इंटर कॉलेज खोला कड़ाकोट व राजकीय इंटर कॉलेज डागचौरा के छात्र रहे हैं। इन खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खंड शिक्षा अधिकारी, खेल प्रेमियों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *