कोटद्वार बाईपास का प्रपोजल भेजें केंद्र सरकार को : विधानसभा अध्यक्ष

Spread the love

-कोटद्वार की सड़कों की हालत सुधारने के लिए विस अध्यक्ष ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिध।
कोटद्वार/देहरादून : जल्द ही कोटद्वार को बाईपास मार्ग की सौगात मिल सकती है। इसे लेकर विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ने कवायद शुरू कर दी है। उनका कहना है कि कोटद्वार बाईपास योजना बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोटद्वार बाईपास का प्रपोजल स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को जल्द से जल्द भेजा जाए।
शुक्रवार को विधानसभा भवन, देहरादून में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। विधानसभा अध्यक्ष ने एनएचएआई के अधिकारियों से कोटद्वार बाईपास मार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र के आंतरिक मार्गों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के निर्माण संबंधित स्वीकृति के लिए शीघ्र ही कार्य योजना का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। विस अध्यक्ष ने कोटद्वार बाईपास सड़क पर विशेष जोर दिया। कहा कि कोटद्वार बाईपास योजना बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है जो कि क्षेत्र की लाइफ लाइन भी होगी। इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने कोटद्वार बाईपास सड़क मार्ग के लिए बनाए गए प्रपोजल का प्रस्तुतीकरण किया और कहा कि बाईपास मार्ग का प्रपोजल पूर्ण रूप से तैयार है एवं लागत राशि का भी पूर्ण रूप से अवलोकन किया जा चुका है। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को प्रपोजल को शीघ्र स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार-नजीबाबाद सड़क मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण प्रक्रिया के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली।
विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 40 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण एवं डामरीकरण किए जाने के संबंध में लोक निर्माण विभाग को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ काम पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। विधानसभा अध्यक्ष ने विभागों में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के दृष्टिगत आम जनमानस की सुविधा के लिए शिकायतों को प्राप्त करने और इसके निस्तारण के लिए एक सुदृढ़ व्यवस्था लागू किए जाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग अयाज अहमद, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के डीजीएम हेमंत कुमार, अभियंता सुदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *