गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने संभाला पदभार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। नवनियुक्त गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने गुरुवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी में पदभार ग्रहण कर लिया है। आयुक्त सुशील कुमार का जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, अपर आयुक्त नरेंद्र सिंह व अन्य कर्मचारियों ने स्वागत किया। नव नियुक्त गढ़वाल आयुक्त ने मंडल की महत्वकांक्षी व महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को गति देने की बात कही।
गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने अपर आयुक्त से मंडल में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चारधाम कार्य, सड़क योजना, ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ पुर्ननिर्माण तथा बद्रीनाथ में जो कार्य करने की योजना बनाई जा रही है उनमें शीघ्रता से कार्य किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जनपदों में जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर तथा केंद्र सेक्टर में जो कार्य हो रहे हैं उसमें केंद्र व राज्य सरकार की जो योजनाएं हैं, उनपर निरन्तर रूप से अनुश्रवण किया जाएगा व गति देने की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि बीते माह आई आपदा में जो लोग प्रभावित हुए हैं उनको जो भी आवश्यकता होगी उसे पूर्ण किया जाएगा। शीतकालीन ऋतु में कुछ हिमालय क्षेत्रों में बर्फबारी आदि की आकांक्षाएं हैं तथा उसकी क्या तैयारी की गई है उसके लिए समस्त जनपदों के जिलाधिकारियों से समीक्षा बैठक की जाएगी। कहा कि कोरोना की स्थिति से सतर्क रहने हेतु सम्बंधित अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक भी की जाएगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्रीनगर अजयबीर सिंह, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या टी एस अन्ना, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, प्रधान सहायक धीरज कण्डारी, विजय कुमार नैथानी, सहायक व्यक्तिक राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *