रुद्रपुर()। सोमवार सुबह पंतनगर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नियमित जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक के किनारे जंगल की ओर लगभग 38 वर्षीय युवक का शव देखा और इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ, वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस, आरपीएफ और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मौके से कोई दस्तावेज़ या अन्य सुराग नहीं मिला। शव पर विशेषकर सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे आशंका है कि युवक ट्रेन की चपेट में आया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला ट्रेन दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।