हल्द्वानी। सेव एलआईसी, सेव नेशन मुहिम के तहत बीमा कर्मचारी संघ पदाधिकारियों ने रविवार को सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सामाजिक प्रस्ताव का कदम निगम के हित में न होने की बात कही। कर्मचारी बोले ऐसा होता है तो वर्षों पुराना सरकारी संस्थान कमजोर पड़ जाएगा। आईपीओ लाने से पॉलिसी धारकों और अभिकर्ताओं को नुकसान होगा। बीकेएस हल्द्वानी डिविजन द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि निगम किसी भी तरह से घाटे में नहीं है। पॉलिसी धारकों को अच्छी सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही अभिकर्ताओं को रोजगार मिल रहा है। वहीं विकास कार्यों के लिए भी सरकार को आर्थिक मदद की जाती है। इसके बावजूद सरकार आखिर आईपीओ लाकर कुछ फीसदी ही सही, लेकिन शेयर क्यों ला रही है। ऐसा होने पर निगम को शेयर धारकों का दबाव भी झेलना पड़ेगा। कर्मियों ने इस संबंध में कदम आगे न बढ़ाने की मांग की है। इधर, सांसद अजय भट्ट ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि वे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। इस दौरान डिविजन के उपाध्यक्ष भानु प्रकाश उपाध्याय, केवला नंदन भट्ट, पंकज त्रिपाठी, अशोक कश्यप, हेमंत कुमार, वीएस अधिकारी मौजूद रहे।