उत्तरकाशी। जिले में लगातार बारिश के कारण सड़कों के आवाजाही के लिए बंद होने का सिलसिला जारी है। जिले की सात आंतरिक सड़कें अभी भी जगह-जगह मलबा व पत्थर गिरने से यातायात के लिए बंद पड़ी है, जिसके चलते आम मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर यातायात निर्बाध रूप से जारी है। गुरुवार को बारिश के कारण जिले की तीन सड़कें फिर से मलबा व पत्थर गिरने के कारण बंद हो गई। इनमें जांदणु मोटरमार्ग, नौगांव-स्योरी और ब्रह्मखाल-मांडियासारी मोटरमार्ग शामिल है। जिनको खोलने के लिए विभागीय जेसीबी मशीनें मौके पर कार्य में जुटी है। वहीं तीन सड़कें 29 जुन से बाधित पड़ी है। इसमें कुंसाला-कुपड़ा मोटरमार्ग भी शामिल है, जहां ग्रामीणों को सड़क न खुलने से आवाजाही संबंधी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हैं। जिसके चलते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा भी सुचारू रूप से चल रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि बंद मार्गों पर संबंधित विभागीय मशीनें मार्ग खोलने के काम में जुटी हैं।