कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं

Spread the love

विकासनगर। बर्फबारी के बाद चकराता और पछुवादून क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आ गया है। रविवार को सुबह से ही धूप खिली रहने के बावजूद मौसम में ठिठुरन रही। ठंड के चलते बाजारों की चहल-पहल भी प्रभावित रही। सर्दी बढ़ने से लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। बुजुर्ग और बच्चों की सेहत पर मौसम का असर पड़ने लगा है। दो दिन हुई बर्फबारी के बाद बर्फ पिघलने से चकराता क्षेत्र के साथ ही पछुवादून भी कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गया है। चकराता की ऊंची पहाड़ियों देवबन, खडम्बा, मुंडाली, लोखंडी, लोहारी, जाड़ी, कोटी कनासर आदि पर बर्फ जमी हुई है। बर्फ गलने से चल रही बर्फीली हवाओं से क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है।
रोज़ाना आकर्षक इनाम जीतें
लोहारी निवासी शेर सिंह चौहान, जाड़ी के शमशेर सिंह, शूरवीर सिंह आदि का कहना है कि गांव की पगडंडियों और जंगलों आदि में बर्फ जमी है। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। साथ ही पशुपालक अपने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, मोटर मार्गों पर रात के समय पाला पड़ने से वाहन चलाने में परेशानी हो रही है।
अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी
सर्दी बढ़ने के कारण अस्पतालों में सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और निमोनिया के मरीज बढ़ गए हैं। इनमें बुजुर्ग और छोटे बच्चों की तादाद ज्यादा है। उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के सीएमएस डॉ. विजय सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों में फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़नी शुरू हुई है। तीन दिन पहले तक अस्पताल की दैनिक ओपीडी में करीब तीन सौ तक मरीज आ रहे थे। अब मरीजों की संख्या बढ़कर पांच सौ तक पहुंच गई है। इसी तरह सीएचसी सहसपुर, पीएचसी कालसी में भी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *