मोदी से राहुल का कोई मुकाबला नहीं : शाह

Spread the love

बेंगलुरु , एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए इंडिया समूह को वंशवादियों और भ्रष्टाचारियों का गठबंधन करार दिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी का कोई मुकाबला नहीं है। अमित शाह ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आगामी आम चुनावों में एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और भाजपा है, वहीं दूसरी ओर ‘परिवारवादियों’ और ‘भ्रष्टाचारियों’ का यह द इंडिया समूह है।” उन्होंने दावा किया कि राजग राज्य की सभी 28 सीटें जीतेगी। उन्होंने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर राज्य में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने पीएम मोदी की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि उनके (श्री मोदी) के नेतृत्व में भाजपा ने पारदर्शिता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। गृह मंत्री ने कहा, “लोगों के पास स्पष्ट विकल्प है। एक ओर जहां श्री मोदी ने एक पैसे के भ्रष्टाचार के बिना 23 वर्षों तक शासन किया है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला किया है। ये लोग जहां कहीं भी सत्ता में आते हैं, भ्रष्टाचार में लिप्त हो जाते हैं। इनका दिमाग कभी भी लोगों की सेवा करने पर केंद्रित नहीं होता है।”
उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की भी निंदा की। उन्होंने इसकी तुलना श्री मोदी के भ्रष्टाचार मुक्त शासन के रिकॉर्ड से की। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर श्री मोदी के अपने कार्यकाल के दौरान कोई छुट्टी न लेने की उनकी कार्य नीति का उल्लेख करके उनके (श्री मोदी के) समर्पण का उल्लेख किया। अमित शाह ने कहा, ” प्रधानमंत्री हमेशा भारत के लिए काम करते हैं। वह एक दिन की भी छुट्टी नहीं लेते हैं, जबकि राहुल ‘बाबा’ गर्मियों की छुट्टियों में घूमने के लिए विदेश जाते हैं। प्रत्येक छह महीने में कांग्रेस कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें ढूंढने लगते हैं। पूरा देश इस समय श्री मोदी के साथ खड़ा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *