पोस्टर व निबंध प्रतियोगिता मे ंशिवआशीष व मीत ने मारी बाजी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में महान भौतिक वैज्ञानिक चंद्रशेखर वेंकट रमन का भावपूर्ण स्मरण किया। साथ ही ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ थीम पर आयोजित पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवआशीष पांथरी व मीत चौहान को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।
विद्यालय की गणित प्रयोगशाला में आयोजित कार्यक्रम में गणित प्रवक्ता व एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि भारत के महान भौतिकी वैज्ञानिक चंद्रशेखर वेंकट रमन ने 28 फरवरी 1928 को ‘रमन प्रभाव’ की खोज की थी, जिसके लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार मिला था। विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य है कि छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और दृष्टिकोण को पैदा करके विज्ञान से होने वाले लाभों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में जागरूकता पैदा हो सके।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल में 22 से 28 फरवरी तक मनाए गये गौरवशाली विज्ञान सप्ताह की पहल पर अन्य शिक्षण संस्थाओं के साथ ही पब्लिक इण्टर कॉलेज सुरखेत में छात्र-छात्राओं के लिए ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ थीम पर पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में शिवआशीष पांथरी ने प्रथम, अवनीश ने द्वितीय और सत्यम सुन्द्रियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि निबंध प्रतियोगिता में मीत चौहान ने प्रथम, करिश्मा ने द्वितीय और प्रफुल सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *