यज्ञ के साथ शिव महापुराण कथा का हुआ विश्राम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत उमराव नगर के महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय सार्वजनिक शिवमहापुराण कथा का हवन यज्ञ के साथ समापन हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में आकर हवन यज्ञ में आहूतियां देकर सुख-समृद्धि व धन-धान्य की कामना की।
अंतिम दिन कथा का वाचन करते हुए आचार्य राकेश लखेड़ा ने उपमन्यु के प्रसंग का वर्णन किया। कहा कि उपमन्यु परम तपस्वी थे। उन्होंने तप के बल पर शिव को प्राप्त किया। उपमन्यु ने भगवान श्रीकृष्ण को भी उपदेश दिया था। कहा कि इस संपूर्ण ब्रह्मांड में भगवान शंकर ही व्याप्त है। ब्रह्मा, विष्णु, रूद्र, सदाशिव सब उनकी प्रतिमाएं है। उन्होंने शिव व पार्वती का भी एक ही रूप बताया। कहा कि शिव की तरह ही पार्वती को शक्ति के रूप में पूजा जाता है। उसी शक्ति से क्रियात्मक शक्ति पैदा होती है, क्रियात्मक शक्ति से गृहस्थाश्रम बनता है। कथा के अंतिम दिन महाकालेश्वर कीर्तन मंडली, गौरी शंकर कीर्तन मंडली, वैष्णवी कीर्तन मंडली, आदर्श कीर्तन मंडली, शिव शक्ति कीर्तन मंडली, नारायण कीर्तन मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर नगर निगम के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, पार्षद सौरभ नौडियाल, पंकज नेगी, मनोज सिंह नेगी, जगमोहन सिंह रावत, प्रकाश चंद्र देवरानी, शोभा उनियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *