जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग को एलिवेटेड बनाने की मांग को लेकर लोगों का धरना जारी रहा। लोगों ने क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए मार्ग को एलिवेटेड बनाना जरूरी बताया। कहा कि इससे जहां क्षेत्र का विकास होगा। वहीं, कण्वाश्रम को भी विश्व पटल पर नई पहचान मिलेगी।
गुरुवार को लोगों ने धरना देते हुए सरकार से समस्या को गंभीरता से लेने की मांग उठाई। कहा कि लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए आवश्यक है। कहा कि स्थानीय जनता पिछले कई माह से लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठा रही है। जनता के आंदोलन के बाद 12 फरवरी को न्यायालय ने मार्ग निर्माण की स्वीकृति ली। लेकिन, अब तक मार्ग निर्माण की योजना किस तरह होगी, यह सार्वजनिक नहीं हुआ है। बताया कि स्थानीय जनता मार्ग के हिस्से को एलिवेटेड ही चाहती है, जिससे 12 महीने बिना किसी रूकावट मार्ग पर वाहनों का संचालन होता रहे। कहा कि कोटद्वार व कण्वाश्रम के विकास के लिए भी मार्ग का निर्माण होना अति आवश्यक है।