श्री श्याम मित्र मंडल समिति ने निकाली निशान पद यात्रा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री श्याम मित्र मंडल समिति की ओर से शहर में निशान पद यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में मौजूद भक्त श्री खाटू श्याम बाबा के गुणगान गा रहे थे।
शनिवार को बुद्धापार्क से श्री खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक नजीबाबाद रोड होते हुए यात्रा कौड़िया स्थित एक बारातघर में पहुंची। यात्रा में खाटू श्याम जी की भी झांकी शामिल रही। समिति के संरक्षक रतन अग्रवाल ने बताया कि समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष निशान पद यात्रा निकाली जाती है। पद यात्रा में शहर के साथ ही अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्री खाटू श्याम बाबा के भक्त पहुंचे हुए थे। यात्रा में सबसे अधिक महिलाओं की संख्या थी। भक्त श्री खाटू श्याम बाबा के भजनों पर झूम रहे थे। बताया कि शनिवार देर शाम को भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि नगर आयुक्त वैभव गुप्ता होंगे। कार्यक्रम में श्याम मंदिर चुलकाना धाम पानीपत के मुख्य महाराज देवेंद्र पुजारी भी शामिल होंगे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष सुनील कर्णवाल, सचिव मनोज कंसल, नीरज गुप्ता, राजीव अग्रवाल संजय मित्तल, महेंद्र कुमार, बीना देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *