श्रेयस अय्यर की हालत स्थिर, संदेशों का भी दे रहे हैं जवाब: सूर्यकुमार यादव

Spread the love

नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर के स्वास्थ्य पर सकारात्मक अपडेट दिया है। अय्यर को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान प्लीहा और पसलियों में चोट लग गई थी। आंतरिक रक्तस्राव के बाद उन्हें सोमवार को सिडनी के एक अस्पताल गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब उन्हें आईसीयू से सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 मैच की कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, अय्यर की हालत स्थिर है और वह मैसेज का जवाब दे रहे हैं। डॉक्टर पहले से ही वहां मौजूद हैं। वे कुछ दिनों तक उनकी निगरानी में रखेंगे। इधर, बीसीसीआई ने कहा है, स्कैन से पता चला है कि अय्यर की प्लीहा में चोट लगी है और उनका उपचार चल रहा है। वे चिकित्सकीय रूप से स्थिर हैं और अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल मेडिकल कमेटी और बीसीसीआई मेडिकल पैनल के प्रमुख डॉ दिनशॉ पारदीवाला को सिडनी से अय्यर की मेडिकल रिपोर्ट मिली। उनकी समीक्षा करने के बाद उन्होंने बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ की समय पर की गई कार्रवाई के लिए सराहना की जिससे अय्यर की जान बच गई। पारदीवाला ने बोर्ड को भेजे ईमेल में कहा, मैदान पर मौजूद मेडिकल टीम को बधाई। आपकी समय पर निदान और तुरंत कार्रवाई से एक जान बच गई।
यह घटना तब हुई जब अय्यर ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर एलेक्स कैरी का शानदार कैच लपका, लेकिन इस दौरान उनकी बाईं पसली में चोट लग गई और उन्हें अंदरूनी रक्तस्राव भी हुआ। इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें तत्काल सिडनी के एक अस्पताल की आईसीयू यूनिट में भर्ती करा दिया। इससे चोट की गंभीरता कम हो गई। बीसीसीआई की मेडिकल टीम द्वारा मैदान पर की गई त्वरित कार्रवाई ने अय्यर की जान बचा ली।
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, अय्यर के परिवार के सदस्य जल्द ही सिडनी जाकर उनकी देखभाल करेंगे क्योंकि वह अपनी चोटों से उबर रहे हैं। वर्तमान में वह सभी बातें कर रहे हैं और सवालों का जवाब दे रहे हैं।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *