आपदा के चलते श्रीकेदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा स्थगित

Spread the love

देहरादून। केदारनाथ घाटी में आई आपदा के कारण कांग्रेस की श्रीकेदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यात्रा सीतापुर तक पहुंचने के बाद स्थगित की गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने यात्रा स्थगित करने का शुक्रवार को फैसला लिया। तय किया कि स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा सीतापुर से ही यात्रा शुरू की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में 24 जुलाई को हरिद्वार हर की पैड़ी से निकाली गई यात्रा 10 वें दिन शुक्रवार को सीतापुर तक पहुंची। कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि केदार घाटी में आई आपदा के बाद यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया। सीतापुर में कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण कर पहले आपदा में जान गंवा चुके लोगों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा। इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अपील और निर्देश पर यात्रा स्थगित करने का विधिवत ऐलान किया। कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केदार घाटी में आई आपदा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि केदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को स्थितियां सामान्य होने तक स्थगित कर दिया जाए। सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को आपदा राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने यात्रा में शामिल सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार जताया। कहा कि लगातार दस दिनों तक दो सौ किलोमीटर पैदल चल कर जिस संकल्प शक्ति का परिचय दिया गया, वह प्रशंसनीय है। हम यात्रा को इसी चरण में पूरा करना चाहते थे, लेकिन आपदा से जो स्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उसमें हमारा पहला कर्तव्य प्रभावित लोगों की सहायता करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रा को स्थगित कर आपदा प्रभावितों की सहायता की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *