जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गेंद मेला सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति डाडामंडी की ओर से आयोजित गेंद मेला क्रिकेट प्रतियोगिता श्रीराम क्लब डाडामंडी ने जीत ली है। फाइनल में श्रीराम क्लब ने मदनपुर क्रिकेट क्लब को हराया।
डाडामंडी खेल मैदान में आयोजित फाइनल में मदनपुर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 120 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डाडामंडी की टीम ने शुरूआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज अंकित बेबनी के 59 व अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान के साथ डाडामंडी ने 121 रन बनाकर प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए अंकुश रावत को मैन ऑफ द सिरीज और अपनी टीम को फाइनल मैच जिताने वाले अंकित बेबनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि स्टेट बैंक डाडामंडी शाखा के प्रबंधक प्रेम सिंह ने दोनों टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान समिति अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान, शशिदेव डोबरियाल, सुरेश रावत, जगदीश सिंह रावत, विकास चौधरी, राकेश रावत, राहुल सिंह रावत आदि मौजूद रहे।