जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (एन.आई.एस.एम.) मुंबई द्वारा आयोजित नॉर्थ जोन स्तरीय राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2025 में डॉ पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार की छात्रा श्वेता बेंजवाल व अंकिता नेगी का चयन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्र-छात्राओं की इस उपलबधि पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त किया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने बताया कि एन.आई.एस.एम. द्वारा छात्र-छात्राओं को स्टॉक मार्केट की जानकारी देने हेतु माह सितंबर 2024 में महाविद्यालय के कैरियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल एवं आई.क्यू.ए.सी. के संयुक्त तत्वावधान में 2 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। जिसमें 107 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। इसके पश्चात कैरियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. ऋचा जैन, आई.क्यू.ए.सी. के संयोजक डॉ. प्रवीन जोशी एवं अर्थशात्र के विभाग प्रभारी डॉ. भगवत सिंह रावत के निर्देशन में छात्र-छात्राओं को इस नॉर्थ जोन स्तरीय राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हेतु तैयारी करवाई गई थी, जिसमे स्नातक स्तर पर नंदिनी गुप्ता (बीकॉम) एवं कपिल कुमार (बीएड), स्नातकोत्तर स्तर पर एमए अर्थशात्र की छात्रा श्वेता बेंजवाल व अंकिता नेगी का चयन महाविद्यालय स्तर पर हुआ था। कैरियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. ऋचा जैन ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता गत दिवस 26 एवं 27 जुलाई को एमिटी यूनिवर्सिटी गुरुगराम में आयोजित की गई, जिसमें नॉर्थ जोन की 55 टीमों ने प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में स्नातकोत्तर स्तर पर एम.ए. अर्थशात्र की छात्रा श्वेता बेंजवाल व अंकिता नेगी ने अपने ज्ञान का परिचय देते हुए अंतिम चरण की बाधा पार करते हुए उच्च स्तर हेतु चयनित हुए हैं, अब ये छात्राएं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।