रक्तदान को 24 किमी दूर बैजनाथ पहुंचे एसआई

Spread the love

बागेश्वर। कोरोना काल में मित्र पुलिस पूरी तरह चौकन्नी है। लोगों को राशन, दवाइयां और अन्य मदद के साथ ही वह रक्तदान में भी पीछे नहीं है। जिले में तमाम संस्थाएं ब्लड डोनेशन का काम करती हैं, लेकिन कोरोना के कारण उनका अभियान थमने लगा है। बुधवार को फोन कॉलर नरेश ने कोविड कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि सीएचसी बैजनाथ में भर्ती प्रेमा वर्ता को ओ पॉजिटिव ब्लड की आवश्यकता है। इस पर कोतवाली में तैनात एसआई त्रिवेणी प्रसाद जोशी ने रक्तदान की इच्छा जाहिर की। कोतवाल से अनुमित लेकर वह 24 किमी दूर बैजनाथ पहुंचे। उन्होंने महिला को एक यूनिट रक्त प्रदान किया। विपत्ति के समय पुलिस के लोगों को मदद पहुंचाने की यहां सराहना भी हो रही है। एसपी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस के जवान लोगों को हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोनाकाल में सावधानी बरतनी है। गाइडलाइन का पालन करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
कोरोना पॉजिटिव दंपती को पहुंचाया राशन
कोतवाली पुलिस ने मिशन हौसला अभियान के तहत जौलकांडे गांव में कोरोना पॉजिटिव दंपती को दवाइयां और राशन आदि पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस लगातार लोगों को मदद कर रही है। कोविड कंट्रोल रूम में जौलकांडे से सूचना आई कि परिवार में पति-पत्नी कोरोना पॉजिटिव हैं। उनके पास दवाइयां, सब्जी, राशन आदि सामान नहीं है। पुलिस ने तत्काल मदद के लिए टीम गांव भेजी। टीम में आरक्षी अशोक पवार, सुनील बहुगुणा शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *