जनपद में 60 लोगों की स्क्रीनिंग का है लक्ष्य
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : लाल रक्त कोशिकाओं के विरूपण से होने वाले सिकल सेल रोग के उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में 19 जून से 3 जुलाई तक राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि सिकल सेल एनिमिया रक्त की लाल कोशिकाओं में होने वाली एक अनुवांशिक बीमारी है, जिसके कारण लाल रक्त कोशिका का आकार अद्र्ध चंद्र या हंसिया जैसा हो जाता है। एनिमिया यानि खून की कमी, आंखों में पीलेपन के साथ-साथ बदन में तेज दर्द, कोहनी व घुटनों में सूजन, बार-बार बुखार आना सिकल सेल के लक्षण हैं। बताया कि जनजाति आबादी में इस बीमारी के होने की आशंका अधिक रहती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2047 से पहले सिकल सेल रोग उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत सिकल सेल रोगियों के उपचार देखभाल में सुधार, स्क्रीनिंग तथा जागरूकता की रणनीतियों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में 0-40 आयु वर्ग की जनजाति आबादी में 60 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य है। उन्होंने समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए है। साथ ही उन्होंने जनमानस से उक्त अभियान में बढ़-चढ़कर शिरकत करने की अपील की है।