सिद्धबली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार।
सिद्धबली बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने घंटों लंबी लाइन में खड़े रहकर बाबा के दर्शन कर अपने परिवार के लिए सुख-शांति की कामना की। वहीं, मंदिर परिसर में चल रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने पुण्य अर्जित किया।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में बाबा सिद्धबली का परम धाम है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन को पहुंचते हैं। बाबा के धाम में सबसे अधिक भीड़ रविवार व मंगलवार को रहती है। कोटद्वार भाबर सहित उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मेरठ से हजारों श्रद्धालु सिद्धबली बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंचते है। रविवार को बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया था। बिजनौर निवासी निखिल ने बताया कि वह वह महीने में एक रविवार को अपने परिवार के साथ सिद्धबली दर्शन को पहुंचते हैं। उनके परिवार के सदस्य कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले बाबा के दर पर शीश नवाते हैं। दुगड्डा निवासी सचिन ने बताया कि वह वर्तमान में दिल्ली रहते हैं। जब भी वह अपने परिवार के साथ गांव जाते हैं। रास्ते में सबसे पहले बाबा के दर्शन करने आते हैं। मंदिर समिति के प्रबंधक शैलेश जोशी ने बताया कि रविवार को सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ था। करीब दो हजार से अधिक भक्तों ने बाबा के दर्शन किए।
उधर, दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण शहर का यातायात पूरी तरह बाधित रहा। जगह-जगह वाहनों का लंबा जाम देखने को मिला। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग, नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग व सिद्धबली सनेह मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। यातायात पुलिस को व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *