श्रीनगर गढ़वाल। अंकिता भंडारी हत्या मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित नए ऑडियो से जनाक्रोश बढ़ गया है। ऑडियो में ‘गट्टू’ नामक व्यक्ति तथा एक संदिग्ध वीआईपी का उल्लेख है।अब जस्टिस फॉर अंकिता कमेटी श्रीनगर ने गोला बाजार में सभा की। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच के लिए उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश व राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजने के लिए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अंकिता की माता की ओर से पूर्व में जिस वीआईपी का नाम सार्वजनिक किया गया था वह एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ऑडियो में एक पूर्व कैबिनेट मंत्री की ओर से कई लड़कियों की हत्या का जिक्र तथा उत्तराखंड में महिलाओं के लापता होने की घटनाओं का उल्लेख किए जाने से मामला गंभीर हो गया है। अब जस्टिस फॉर अंकिता कमेटी ने आजीवन कारावास की सजा पाए तीन आरोपियों के साथ-साथ मुख्य आरोपी बताए जा रहे वीआईपी और गट्टू के खिलाफ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सभा में आंदोलनकारी प्रेमदत्त नौटियाल, प्रभाकर बाबुलकर, देवेंद्र फर्स्वाण, राजेंद्र रावत, रेशमा पंवार, मोनिका चौहान, डॉ. मुकेश सेमवाल, सरस्वती देवी, सुमन गोस्वामी, अरुण नेगी सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।