तराई को आबाद करने में सिख समाज का है बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री

Spread the love

रुद्रपुर में किया जाएगा विभाजन विभीषिका स्थल का निर्माण
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रूद्रपुर में आयोजित युवा सिक्ख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तराई को आबाद करने में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। प्रथम गुरू गुरूनानक से लेकर दशमेश गुरूओं के आशीर्वाद से यह धरती लगातार कृषि, उद्योग एवं विकास की दृष्टि में लघु भारत का संदेश पूरे विश्व में दे रही है। उन्होंने कहा कि गुरूनानक जी से लेकर गुरू तेगबहादुर जी तक समस्त गुरूओं ने राष्ट्र को प्रथम रखा और पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया, इसके लिए उन्होंने कुर्बानिया भी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 100 से भी ज्यादा बार ब्लड डॉनेट करने वाले जगदीश सिंह गोल्डी, दिलजीत सिंह, हरविन्दर सिंह चुघ को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 में देश का विभाजन हुआ और विभाजन विभीषिका पर शहीदों को याद करने, उनको स्मरण करने के लिए पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने रुद्रपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल का निर्माण जल्दी कराये जाने की घोषणा की। आनन्द कारज एक्ट के संबंध में मंत्रीमंडल ने जो निर्णय लिया है, उसे जल्दी लागू करने तथा पांच लाख तक किसानों के लोन पर स्टाम्प ड्यूटी की छूट पहले की तरह जारी रखे जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। वर्ग चार की जो नियमितीकरण की पोलिसी है, उसको अभी आगे बढ़ाया जायेगा। अमृतसर तक के लिए ट्रेन चले, इसके लिए पुन: रेलमंत्री से आग्रह करने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया। उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग, प्रेम व एकजुटता ही है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश में निरंतर विकास कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवाभाव के संकल्प का अनुसरण कर के पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहजादों की कुरबानी पर वीर बाल दिवस मनाने का संकल्प लिया था और आज पूरे देश में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे सिक्ख भाइयों का देश के विकास में जो योगदान है, उसको शब्दों में व्यक्त कर पाना नामुमकिन है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का एक भारत, श्रेष्ठ भारत के ध्येय वाक्य को जीवंत करने का कार्य हमारी सिक्ख परम्परा कर रही है। उन्होंने कहा सिक्खों द्वारा नानकमत्ता साहिब के साथ जगह-जगह गुरुद्वारों द्वारा लंगर की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को भोजन कराने का कार्य जिस सेवा भाव से किया जाता है वह सराहनीय है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह ओलख, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किये गये। कार्यक्रम का संचालन गुरविंदर सिंह चण्डोक ने किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदयराज सिंह, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी सहित उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग सरदार इकबाल सिंह, किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *