सोनप्रयाग से केदारनाथ तक पसरा सन्नाटा

Spread the love

रुद्रप्रयाग : पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए केदारनाथ यात्रा गुरुवार को भी बंद रही। जबकि मद्महेश्वर की यात्रा को भी सुरक्षा के दृष्टि रोका गया है। प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। लगातार हो रही बारिश और उत्तरकाशी के धराली की घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा में कोई भी कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार सुबह सोनप्रयाग से कोई भी यात्री केदारनाथ के लिए नहीं भेजा गया। पुलिस सोनप्रयाग और गौरीकुंड में लगातार एनाउंसमेंट करती रही कि अभी यात्रा पर रोक है जो भी यात्री यहां पहुंचा है वह अन्य मंदिरों में दर्शन करे। इसी के चलते यात्री अन्य जगहों को प्रस्थान करते रहे। हालांकि यात्रा बंद होने की सूचना पर सोनप्रयाग में यात्रियों की संख्या काफी कम देखी गई। बाद में पुलिस के आग्रह के बाद वे वापस लौट गए। वहीं केदारनाथ से लौट रहे कुछ यात्रियों को सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। इधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर की यात्रा भी गुरुवार को रुकी रही। बनतोली में ट्राली के बेसमेंट के पास हो रहे भूस्खलन को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा रुकी रही। जो भी यात्री मद्महेश्वर से वापस आने वाले थे उन्हें सुरक्षा जवानों के बीच ग्रामीणों की मदद से वापस लाया गया है। केदारनाथ की यात्रा बंद होने से केदारनाथ धाम में भी सन्नाटा पसरा रहा। जबकि गौरीकुंड, सोनप्रयाग और सीतापुर में भी यात्री नहीं दिखे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *