जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नवयुग पब्लिक स्कूल कोटद्वार में उत्तराखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। पूरा विद्यालय परिसर उत्तराखंड की समृद्घ लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक से सराबोर दिखाई दिया। कक्षाओं, ग्रीन बोर्डों और दीवारों को राज्य की कला, संस्कृति, लोकनृत्य और प्राकृतिक सौंदर्य दर्शाने वाले मनमोहक चित्रों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्तराखंडी रंग में रंग उठा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, उत्तराखंड सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, भाषण प्रतियोगिता, लोकनृत्य प्रदर्शन, पहाड़ी परिधान फैन्सी ड्रेस शो, पारंपरिक व्यंजनों से युक्त टिफिन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और सृजनशीलता से सबका मन मोह लिया। प्रधानाचार्य नीलम नेगी ने कहा कि उत्तराखंड हमारी संस्कृति, साहस और सरलता का प्रतीक है। इस भूमि की परंपराएं हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखने का संदेश देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्तराखंड की लोककला, लोकसंगीत और साहित्य के संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रशासक अर्पिता नेगी ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक चेतना और प्रदेश के प्रति गर्व की भावना को जागृत करते हैं। मंच का संचालन शिक्षिका पूनम गौनियाल ने गढ़वाली एवं कुमाऊंनी भाषा में किया गया।