हरिद्वार()। ऊर्जा निगम के कर्मचारी आज भूपतवाला क्षेत्र में बिजली लाइनों की मरम्मत का काम करेंगे। इस वजह से दिन में छह घंटे तक बिजली कटौती होगी। कटौती के दौरान क्षेत्र की बड़ी आबादी को परेशानी उठानी पड़ेगी। दिन में लोगों के जरूरी काम प्रभावित होंगे। ऊर्जा निगम रविवार को सब स्टेशन भूपतवाला के पावनधाम फीडर पर एलटी कैपेसिटर बैंक स्थापित करने का काम करेगा। मरम्मत के लिए सुबह 10:30 बजे फीडर से बिजली की आपूर्ति बंद होगी। काम पूरा होने के बाद शाम को 4:30 बजे तक बिजली की सप्लाई चालू होने की सूचना है। बिजली कटौती से क्षेत्र की करीब छह हजार की आबादी को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ेगी। बिजली आपूर्ति बंद होने से क्षेत्र में फोटो कॉपी, कंप्यूटर संबंधित कार्य, कॉमन सर्विस सेंटर, वेल्डिंग, आटा चक्की और अन्य बिजली से संचालित होने वाले काम बाधित होंगे। इसके साथ बेकरी, मिठाई, कंफेक्शनरी आदि छोटे दुकानदारों को भी परेशानी उठानी होगी। कटौती के दौरान मेन रोड क्षेत्र, पावनधाम क्षेत्र, आरटीओ चौक क्षेत्र, गैस एजेंसी क्षेत्र आदि में लोगों की दिनचर्या प्रभावित होगी। दिन में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ेगा। वहीं, ईई दीपक सैनी ने बताया कि उप केंद्र हरिद्वार क्षेत्र में 27 फरवरी तक एलटी कैप्सिटर बैंक लगाने का काम होना है। उन्होंने बताया कि बिजली सप्लाई सुचारु रखने के लिए मरम्मत की जाएगी। लोगों को कटौती की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई गई है। ……. बागरो फीडर बंद होने से पांच हजार लोग परेशान रहे : ऊर्जा निगम ने शनिवार को उप संस्थान भूपतवाला से पोषित फीडर बागरो पर एलटी कैपेसिटर बैंक लगाने का काम किया। मरम्मत के लिए सुबह 10:30 बजे फीडर को बंद किया गया। काम पूरा होने के बाद शाम 4:30 बजे तक क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सुचारु हो सकी। इस दौरान क्षेत्र की करीब पांच हजार की आबादी को परेशानी उठानी पड़ी। दिन में महिलाओं के घरेलू काम प्रभावित रहे। इसके साथ बिजली सप्लाई बाधित होने से क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप हो गई। इस कारण लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। वहीं शाम को बिजली आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों को राहत मिली।