विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से छह लाख ठगे

Spread the love

देहरादून(। विदेश में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा दे एक युवक से छह लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शनिवार को कथित शिप मैनेजमेंट कंपनी चलाने वाले एक दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि नवादा निवासी विपेंद्र सिंह ने तहरीर दी। बताया कि उनकी मुलाकात स्थानीय निवासी विशाल दीक्षित के जरिए हरियाणा मूल के आशीष जेटली और उसकी पत्नी लवी जेटली से हुई थी। यह दंपति सहस्रधारा रोड स्थित अमन विहार में एलएसएस शिप मैनेजमेंट के नाम से अपना कार्यालय चलाता है। आरोप है कि आशीष ने विपेंद्र को विदेश में अच्छे वेतन पर नौकरी का सब्जबाग दिखाया और इसके एवज में छह लाख रुपये की मांग की। झांसे में आकर विपेंद्र ने चार लाख रुपये आशीष के बैंक खाते में और दो लाख रुपये विशाल की पत्नी करिश्मा दीक्षित के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम ऐंठने के बाद आरोपियों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए। अब आरोपी उसका फोन भी नहीं उठाते हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब व्हाट्सएप पर मैसेज कर धमकी दे रहे हैं कि उनकी ऊपर तक पहुंच है, जो करना है कर लो। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *