शारदा सागर में स्टीमर और ड्रोन की मदद से छह शिकारी पकड़े

Spread the love

रुद्रपुर()। शारदा सागर में स्टीमर और ड्रोन की मदद से मछली का अवैध शिकार करने की फिराक में आए छह शिकारियों को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। सुरई वन रेंज की टीम ने घेराबंदी कर शिकारियों को दबोचा। इनके पास से पचास हजार रुपये से अधिक कीमत का मछली पकड़ने का जाल बरामद किया गया। शरद ऋतु में साइबेरियन पक्षियों की शारदा सागर में आमद बढ़ने के साथ ही जहां डैम गुलजार होने लगा है, वहीं इनका शिकार करने के लिए शिकारी भी सक्रिय हो जाते हैं। लेकिन इस बार वन विभाग हाई अलर्ट पर है। सुरई रेंज को मिले स्टीमर की वजह से शिकारियों पर अंकुश लगाना आसान हुआ है। सोमवार को एसडीओ संचिता वर्मा के निर्देश पर सुरई रेंजर आरएस मनराल द्वारा गठित टीम ने ड्रोन की मदद से शिकारियों की पहचान कर लोकेशन निकाली। इसके बाद स्टीमर से डैम में घुसे और टीम से बचकर भागने की कोशिश कर रहे शिकारियों को पकड़ लिया गया। टीम के तैराक वनकर्मी रविंद्र कुमार और सुखविंदर सिंह ने उनके पास से मछली पकड़ने का जाल और टॉर्च बरामद की। पूछताछ में साइबेरियन पक्षियों के शिकार की आशंका को देखते हुए कड़ी चेतावनी देने के बाद शिकारियों को छोड़ दिया गया। बरामद जाल व टॉर्च को रेंज चौकी में जमा कर लिया गया। इधर, सुरई रेंज की इस कार्रवाई से अवैध शिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि विदेशी मेहमान पक्षियों का किसी भी हाल में शिकार नहीं होने दिया जाएगा। अभियान में राजन सहित कई वनकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *