रुद्रपुर। एनडीआरएफ की 15वीं बटालियन गदरपुर ने अपनी स्थापना की छठी वर्षगांठ शुक्रवार को धूमधाम से मनाई। समारोह के दौरान जवानों ने कमांडेंट सुदेश कुमार दराल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व सहायक कमांडेंट मनोज जोशी ने किया। समारोह का शुभारंभ सेनानी सुदेश कुमार दराल ने बल का ध्वज फहराकर किया। इसके बाद वाहिनी के जवानों ने कमांडेंट और सहायक कमांडेंट को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में बल से जुड़े सीएसएचआर और फ्लड डेमोंस्ट्रेशन की सुंदर झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। इस अवसर पर कमांडेंट दराल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को महानिदेशक एनडीआरएफ चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सहायक कमांडेंट अविनाश पुरोहित को तृतीय पर्वतारोहण अभियान में सफल नेतृत्व के लिए, सहायक कमांडेंट कर्मवीर सिंह भंडारी, निरीक्षक अमृतलाल मीणा और उपनिरीक्षक अंकित लाठर को केदारनाथ में चारधाम ड्यूटी के दौरान आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रवर कोटि) शैलेश कुमार चौधरी, हेड कमांडेंट अविनाश पुरोहित, सहायक कमांडेंट भूपेंद्र कॉटनाला, मनोज जोशी, निरीक्षक अमृतलाल मीणा और प्रकाश चंद पांडे सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।