जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सत्यापन अभियान को लेकर लापरवाह बने सरकारी सिस्टम की नींद शनिवार को खुल गई है। पुलिस व प्रशासन ने बाजार में पहुंचकर रेहड़ी-ठेली व फड वालों के लाइसेंस चेक किए। साथ ही बिना सत्यापन कर्मचारियों को काम पर रखने वाले व्यापारियों के भी चालान किए गए।
शनिवार को उपजिलाधिकारी सोहन सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के नेतृत्व गोखले मार्ग, झंडाचौक, नजीबाबाद चौराहे के साथ ही अन्य स्थानों पर अभियान चलाया गया। जैसे ही टीम बाजार में पहुंची रेहड़ी-ठेली वालों में आफरा-तफरी मच गई। टीम ने रेहड़ी-ठेली लगाने वालों के लाइसेंस भी चेक किए। कहा कि बिना लाइसेंस किसी को भी रेहड़ी-ठेली या फड नहीं लगानी दी जाएगी। अभियान के दौरान अतिक्रमण कर खड़ी रेहड़ी-ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने दुकानों में पहुंचकर वहां काम कर रहे कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी जुटाई। साथ ही व्यापारियों को अपने कर्मचारियों का सत्यापन अवश्य करवाने के आदेश दिए। कहा कि बिना सत्यापन कर्मचारियों को रखने पर दुकान स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान आमजन से भी शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। साथ ही लोगों से वाहन सड़क किनारे बनी सफेद पट्टीक अंदर खड़ा करने की अपील की गई। कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहरवासियों को पुलिस का सहयोग करना चाहिए।