चमोली(। महिला दिवस के अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क से शुरू हुई सीपीआई (एम) की जन संघर्ष जत्था रैली बुधवार को थराली पहुंची। जहां कामगार संगठनों, भूमिहीन, आंगनबाड़ी, आशा, भोजनमाता, ग्राम प्रहरी सहित कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रैली का स्वागत किया और केंद्र सरकार और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। तहसील परिसर के पास स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए पोलित ब्यूरो के सदस्य कामरेड बीजू कृष्णनन ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पूरे देश का निजीकरण कर पूंजीपतियों को बेच रही है। मानदेय के नाम पर महिलाओं का शोषण कर रही है। बेरोजगारी से बढ़ता पलायन, महिला हिंसा, बिगड़ती कानून व्यवस्था से राज्य के लोग त्रस्त हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर 24 मार्च शहादत दिवस पर रामलीला मैदान में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें जनविरोधी, सांप्रदायिक व कॉरपोरेट नीतियों के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज करेंगे। इसके बाद हुई पत्रकार वार्ता में सीपीआई (एम) के राष्ट्रीय पोलित ब्यूरो बीजू कृष्णनन ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगार चरम पर है। श्रम कानूनों में बदलावों के कारण श्रमिकों के हितों को कुचला जा रहा है। इस दौरान किसान सभा के महामंत्री पुष्पेंद्र त्यागी, सीपीआईएम के केंद्रीय सदस्य राजेंद्र नेगी, सचिव राजेंद्र पुरोहित, सीटू के महामंत्री लेखराज, सुरेंद्र सजवाण, पुरुषोत्तम बडोनी, नितिन मलेठा, महेंद्र सामवेदी, मदन मिश्रा, सतीश धौलाखंडी और अयाज अहमद आदि मौजूद थे।