सितारगंज में धान तौल नहीं होने पर एसएमओ का घेराव

Spread the love

 

रुद्रपुर(आरएनएस)।धान तौल नहीं होने से नाराज किसानों ने एसएमओ का घेराव किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए शोषण का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि अगले तीन-चार दिन में किसानों का पूरा धान तुल जाएगा। उसके बाद विभाग राइस मिलें आवंटित करेगा। कच्ची आढ़तियों के पोर्टल भी खुलेंगे। फिर व्यापारियों का धान पोर्टल में चढ़ेगा। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश प्रभारी बलजिंदर सिंह मान के नेतृत्व में किसान एसएमओ कार्यालय पहुंचे। किसानों के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार पूजा शर्मा, नायब तहसीलदार बंदोबस्त जगमोहन त्रिपाठी, मण्डी सचिव विनोद पलड़िया भी पहुंच गए। तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने किसानों की समस्या सुनी और संबंधित विभागों के अफसरों से वार्ता कर सितारगंज तहसील के सभी 50 केंद्रों में धान तौल तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने कच्ची आढ़त खरीद शुरू नहीं करने पर नाराजगी जताई। किसानों ने आरोप लगाया कि क्रय केंद्र केवल औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। सितारगंज के आरएफसी के तीन तौल केंद्र हैं। रोजाना 1500 कुंतल की तौल होनी चाहिए, लेकिन कुल 200 कुंतल धान की खरीद हुई है।किसानों ने कहा कि अधिकांश क्रय केंद्र गांवों में हैं। इन क्रय केंद्रों में कोई तौल नहीं हो रही है। तौल क्रय केंद्र प्रभारियों का कहना है कि बिना राइस मिल आवंटन के तौल नहीं हो सकती है। किसानों ने कहा कि क्षेत्र में छोटे और मझले किसान अपना धान 15 दिनों से काट रहे हैं। प्रशासन से पूर्व में हुई वार्ता में कहा गया था कि एक अक्तूबर से खरीद शुरू होगी, लेकिन 10 दिनों बाद भी खरीद नहीं हुई। कहा कि बुधवार से धान खरीद के इंतजाम नहीं हुए तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान भाकियू प्रदेश महासचिव योगेंद्र यादव, प्रदेश सचिव मलूक सिंह खिण्डा, जिला उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, जिला प्रवक्ता गुरसाहब सिंह, मंडी के पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह, दिलबाग सिंह, सुखवंत सिंह, करमजीत गिल, सुखविंदर सिंह, कुलदीप सिंह ढाली, दलवीर सिंह बिट्टू, अमृतपाल सिंह मान, तय्यब अंसारी, नारायण राज, मोविन अली, जफर मलिक, साहब सिंह, दलजीत सिंह, रामलखन राव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *