सनेहवासियों ने किया विस अध्यक्ष का घेराव, बाईपास का किया विरोध

Spread the love

एनएचआई की ओर से सनेह क्षेत्र में बनाए जा रहे बाईपास मार्ग का किया विरोध
सनेह क्षेत्र से बाईपास मार्ग बनाने का निर्णय वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: लापानी क्षेत्र के श्री गुरु राम राय विद्यालय में कार्यक्रम के उपरांत लौट रही विधानसभा अध्यक्ष को क्षेत्रवासियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। सनेह वासियों ने क्षेत्र में प्रस्तावित राष्ट्रीय रामार्ग का विरोध करते हुए विधनसभा अध्यक्ष का घेराव किया। आंदोलन करते हुए विधानसभा अध्यक्ष के समीप पहुंच रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सनेह क्षेत्र में बाइपास मार्ग बनाए जाने का निर्णय जल्द वापस नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थी। जैसे ही सनेह वासियों को विधानसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम में पहुंचने की सूचना मिली वह विद्यालय के गेट पर एकत्रित हो गए। कुछ घंटे बाद जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष कार्यक्रम से बाहर निकली लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कई लोग विस अध्यक्ष के वाहन के आगे लेटने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों का आरोप था कि सनेह क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के नाम पर उन्हें बेघर करने की योजना बनाई जा रही है। कहा कि वर्तमान में एनएच-534 पहले से ही अस्तित्व में है जिसका कौड़िया से बाजार होते हुए सिद्धबली तक चौड़ीकरण किया जाना चाहिए था। लेकिन, शासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा जानबूझकर सनेह क्षेत्र की आबादी को उजाड़ने के लिए बाईपालस मार्ग का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया। कहा कि इससे पहले छह मई, 2021 को कौड़िया से लेकर बालासौड़ होते हुए लालपुर घराट बाईपास बनाने के लिए भी गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया था। जिसे प्रशासन ने अकारण वापस ले लिया। कहा कि सनेह क्षेत्र से बाईपास निकालने पर कई लोगों की उपजाऊ भूमि व आवासीय भवन इसकी चपेट में आ जाएंगे। आक्राशित लोग विधानसभा अध्यक्ष से उनके साथ चलकर क्षेत्र की स्थिति को देखने की जिद में अड़े रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की रिपोर्ट केंद्र को भेजी गई है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद अनिल रावत,सुशीला बलूनी, सुनीता देवी, मुन्नी देवी, रेखा देवी आदि मौजूद रहे


आक्रोश के बीच बदलना पड़ा रूट
लोगों के लगातार बढ़ रहे विरोध के बाद पुलिस व प्रशासन को विधानसभा अध्यक्ष का रूट बदलना पड़ा। लालपानी से सीधे कुंभीचौड़ आने के बजाय विधानसभा अध्यक्ष का वाहन सनेह से कालागढ़- सिद्धबली रोड होते हुए बाजार की पहुंचा। विधानसभा अध्यक्ष के जाने के बाद भी सनेह वासी मौके पर प्रदर्शन करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *