चमोली : सोमवार और मंगलवार की सुबह बदरीनाथ, हेमकुंड रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर जमकर हिमपात हुआ। बर्फबारी से चमोली जिले के तीन दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। ऊंची चोटियों में बर्फबारी होने से निचले इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि ताजा बर्फबारी से गोपेश्वर मंडल चोपता सड़क मार्ग 10 किमी. तक बाधित हो गया है। बताया कि सीमा क्षेत्र जोशीमठ मलाई सड़क भाप कुंड से आगे अवरुद्ध हो गया है। क्रिसमस और नववर्ष से पूर्व चमोली के ऊपरी क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों में हिमपात होने से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की सम्भावना है। बर्फ के चलते गांवों में नए साल के जश्न के लिए होम स्टे भी सजने लगे हैं। रूपकुंड मार्ग पर होम स्टे संचालक हीरा सिंह गढ़वाली ने बताया कि होम स्टे की बुकिंग होने लगी है। (एजेंसी)