विकासनगर। क्षेत्र में शनिवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। इससे चकराता क्षेत्र में सीजन की पांचवीं बर्फबारी हुई। हालांकि हल्की बर्फ पड़ने के बाद धूप भी खिल गई। बर्फबारी के बाद क्षेत्र में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। पछुवादून में भी सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और इससे मौसम सर्द बना रहा। शुक्रवार रात तक चकराता क्षेत्र में मौसम साफ था। शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाने शुरू हुए। सुबह बारिश शुरू हुई, इसके बाद ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। लेकिन चकराता बाजार एक बार फिर बर्फबारी से वंचित रह गया, इससे लोग थोड़े मायूस नजर आए। शनिवार सुबह क्षेत्र की ऊंची चोटियों देवबन, लोखंडी, लोहारी, खडम्बा, व्यास शिखर, मुंडाली, चोरानी, मोयला टॉप आदि पर बर्फबारी के बाद पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर जमी नजर आई। क्षेत्र के लोखंडी में करीब दो से तीन सेंटीमीटर बर्फ पड़ी। वहीं ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में आधा इंच तक बर्फबारी होने की सूचना है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में चटक धूप खिल रही थी। इससे लोगों को ठंड से कुछ निजात मिली हुई थी। लेकिन शनिवार को बदले मौसम के बाद हल्की बर्फबारी से पूरा क्षेत्र दोबारा सर्दी की चपेट में आ गया है। हालांकि कुछ देर बाद चली तेज हवाओं से आसमान खुल गया और धूप खिल गई। बर्फबारी के चलते एक बार फिर पूरा क्षेत्र कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। शनिवार को चकराता का पारा भी गिरकर चार डिग्री पर आ गया और न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री दर्ज किया गया। बर्फबारी की सूचना पर चकराता घूमने आए पर्यटकों ने लोखंडी का रुख किया। बर्फबारी देख पर्यटक काफी खुश नजर आए।