नई दिल्ली , देश के उत्तर और पूर्वी राज्यों में सर्दी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कश्मीर, हिमाचल, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे की संभावना बढ़ गई है।
कश्मीर घाटी इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है। श्रीनगर में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान -4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे ठंडा सुबहों में से एक है। अधिकतम तापमान लगभग 12.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग का कहना है कि कश्मीर में तापमान और गिर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
शनिवार को मौसम साफ होने का अनुमान है, जबकि 7 दिसंबर को फिर बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। भाखड़ा डैम क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों के लिए शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ
ताबो में तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस, कुकुमसेरी में -4, समदो में -3.9, कल्पा में -0.6, सोलन में 2.3, मनाली में 2.3, धर्मशाला में 5.8 और शिमला में 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 5 और 7 दिसंबर को बर्फबारी होने की चेतावनी दी है, जबकि 8 से 10 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। अगले 24 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन रातें ठंडी रहेंगी।
5 से 9 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में 05 से 07 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 05 और 06 दिसंबर को ओडिशा में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है।