निर्माणाधीन पुल के कंक्रीट की जगह वायरक्रेट में भरी जा रही मिट्टी

Spread the love

उत्तरकाशी()। मोरी विकासखंड के सौड़-ओसला मोटर मार्ग पर हो रहे मोटर पुल निर्माण में बनाए जा रहे वायरक्रेट पर सीमेंट बजरी के स्थान पर मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बन रहे पुलों में पहले एक पुल पर लकड़ी के टेक लगाकर इतिश्री कर दी गई तो वहीं अब दूसरे निर्माणाधीन पुल के निर्माण में गुणवत्ता और मानकों के विपरीत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से इसकी जांच की मांग की है। स्थानीय निवासी सेनू चौहान, राजपाल रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग की ओर से सौड़-ओसला मोटर मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही उसके तहत ब्रिडकुल गंगाड़ के समीप दो मोटर पुलों का निर्माण कर रहा है। कार्यदायी संस्था की ओर से इन दोनों पुलों पर गुणवत्ताविहीन और मानकों के विपरीत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व एक निर्माणाधीन पुल को थामने के लिए लकड़ी के ही टेक लगा दिया था। वहीं, अब दूसरे पुल के निर्माण के दौरान बनाए जा रहे वायरक्रेट में बजरी सीमेंट के स्थान पर मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो डालकर जिला प्रशासन से इसकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब पुल की सुरक्षा के लिए बन रहे वायरक्रेट ही सुरक्षित नहीं है तो भविष्य में यह पुल किस प्रकार सुरक्षित रह पाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी बरसात में यह मिट्टी पानी में बह जाएगी। संबंधित विभाग की ओर से यहां पर सरकारी धन का दुरुपयोग कर लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। पीएमजीएसवाई के एई सुभाष दौरियाल ने कहा कि पुलों को निर्माण ब्रिडकुल कर रहा है। दूसरी ओर ब्रिडकुल के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *