थत्यूड़ बाजार में लगी सौर ऊर्जा लाइटें लंबे समय खराब

Spread the love

उत्तरकाशी। बाजार में लगी अधिकांश सौर ऊर्जा लाइटें लंबे समय खराब पड़ी है जिससे बाजार और मोहल्लों की गलियों में अंधेरा पसरा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, जगत सिंह असवाल ने बताया कि बाजार में पर्याप्त मात्रा में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी होने से शाम होते ही बाजार और मोहल्लों को जाने वाले रास्तों में अंधेरा छा जाता है। कई वर्ष पूर्व थत्यूड़ बाजार में जिला पंचायत की ओर लगाई लाइटें धीरे-धीरे खराब हो गई है। कई लाइटों से चोरों ने उनकी बैटरियां चुरा ली है। पर्याप्त मात्रा में स्ट्रीट लाइट नहीं लगी होने से बाजार में चोरी का भय बना रहता है। व्यापार मंडल की ओर से बाजार में 30 स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव पूर्व में जिला पंचायत टिहरी को दिए जाने के साथ ही खराब पड़ी लाइटों की मरम्मत की मांग की गई है लेकिन एक भी नई लाइट नहीं लग पाई है। थत्यूड़ बाजार से जिला पंचायत को बराबर राजस्व जाता है बावजूद बाजार में सुविधाओं का अभाव बना है। बाजार में मात्र दो से तीन लाइटें ही सही है। उन्होंने जिला पंचायत से बाजार में शीघ्र नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। इस बाबत जिला पंचायत के कार्यकारी अधिकारी एसएस कठैत ने कहा कि जिला पंचायत की ओर से ग्रामीण बाजारों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है। थत्यूड़ बाजार में भी जल्द सौर ऊर्जा स्ट्रीट लाइट लगा दी जाएगी। पुरानी लाइटों की मरम्मत का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *