जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन गढ़वाल राइफल्स के चार जवानों का फुटबाल संतोष ट्राफी के लिए चयन हुआ है। यह टूर्नामेंट 21 से 25 दिसंबर तक आगरा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में होगा। जवानों की इस सफलता पर गढ़वाल राइफल्स ने खुशी व्यक्त की है।
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के फुटबॉल कोच अरूण नेगी ने बताया कि उत्तराखंड स्टेट फुटबाल एसोसिएशन की ओर से रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) में चयन ट्रायल आयोजित किया गया था। इस ट्रायल में गढ़वाल राइफल्स के 16 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर चार जवान विश्वजीत नेगी (9 गढ़वाल राइफल्स), प्रवेश रावत (12 गढ़वाल राइफल्स), नवीन रावत (10 गढ़वाल राइफल्स), अजेंद्र सिंह (गढ़वाल स्काउट्स) का चयन राज्य की मुख्य टीम में हुआ है। बताया कि उत्तराखंड का पहला मैच 21 दिसम्बर को चंडीगढ़, 23 दिसंबर को हरियाणा और 25 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के साथ खेला जाएगा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है।