सोमवती अमावस्या स्नान: मेला क्षेत्र को 14 जोन और 39 सेक्टरों में बांटा

Spread the love

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र को 14 जोन और 39 सेक्टरों में बांटा गया है। एसपी सिटी पंकज गैरोला को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने ब्रीफिंग के बाद अधीनस्थों के साथ हरकी पैड़ी क्षेत्र का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्ती से यातायात प्लान लागू कराने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि सभी जोनल और सेक्टर अधिकारी समय से ड्यूटियों को चेक कर लें। हर जोनल अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में वैकल्पिक मार्गों पर भीड़ बढ़ने की दशा में जनसंख्या के दबाव को नियंत्रित करें। हर प्वाइंट पर नियुक्त पुलिसकर्मी का अपना विशेष महत्व है। थोड़ी सी भी लापरवाही से कोई भी समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी लोग अपनी अपनी जिम्मेदारियों का दृढ़ता एवं संयम के हाथ निर्वहन करेंगे। मनसा देवी, चंडी देवी में ड्यूटी प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालु कतार में ही आगे बढ़ें। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को जानकारी देने के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखेंगे। महिला घाट पर नियुक्त महिला कर्मी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी दें। किसी को भी स्नान के लिए बहुत अधिक समय नहीं दिया जाए। महिला घाट से श्रद्धालुओं को लगातार बाहर निकलते हुए उनके गंतव्य को भेजा जाए। घाटों पर नियुक्त जल पुलिस की टीमें लगातार मौजूद व सतर्क रहें जिससे कि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्नान पर्व के दौरान अप्रिय घटनाओं की रोकथाम हेतु बम निरोधक दस्ते/श्वान दल की टीमें घाटों के संवेदनशील स्थानों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व अपर रोड मेला क्षेत्र में चेकिंग करते रहें। एसएसपी ने कहा कि यातायात प्लान का पूर्ण रूप से पालन करवाया जाए। कोई भी वहां किसी भी सड़क पर पार्क में करवाया जाए उन्हें निर्धारित पार्क में ही भेजा जाए। हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी अनावश्यक मोबाइल का प्रयोग न करें। ब्रीफिंग में एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला सहित, एएसपी जितेंद्र मेहरा, सीओ सिटी जूही मनराल आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *