जल्द चौरास स्टेडियम दिखेगा भव्य स्वरूप में

Spread the love

चौरास स्टेडियम और सड़क का पुन: स्थापना कार्य का हुआ शिलान्यास
जून 2013 में अलकनंदा नदी की बाढ़ में हो गए थे क्षतिग्रस्त
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर।
वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त हुए चौरास स्टेडियम व श्रीनगर चौरास संपर्क मार्ग का मरम्मतीकरण कार्य शुरु हो गया है। रेल विकास निगम के सहयोग से किए जा रहे इन पुन: स्थापना कार्यों का शिलान्यास स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने किया। जल्द ही चौरास स्टेडियम अपने पुराने भव्य स्वरूप में नजर आएगा।
गढवाल विवि का चौरास परिसर स्थित स्टेडियम वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था। जिससे गढ़वाल विवि की खेलकूद गतिविधियों पर काफी प्रभाव पड़ रहा था। इसके साथ ही श्रीनगर चौरास संपर्क मार्ग भी अलकनंदा के कटाव क्षेत्र में आने से क्षतिग्रस्त हो गया था। चौरास स्टेडियम की मरम्मत के लिए विवि प्रशासन ने सुरक्षा दीवार प्रस्ताव तैयार किया था। करीब 70 करोड़ की लागत से बनने वाली इस दीवार के लिए विवि को 40 ही करोड़ मिल पाए थे। जिससे दीवार निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया था। स्टेडियम और रोड की पुन: स्थापना के लिए गत वर्ष विधायक कंडारी ने गढ़वाल विवि और आरवीएनएल के साथ पत्राचार किया। विधायक की पहल पर सहमति बनी कि चौरास क्षेत्र में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलमार्ग परियोजना की सुरंग खोदाई से निकलने वाला मलबा क्षतिग्रस्त भाग में डंप किया जाएगा। आरवीएनएल मलबा डंप करने के साथ ही सुरक्षा दीवार का निर्माण भी करेगा। ताकि मलबा नदी में न जाए। इससे रोड औैर स्टेडियम पुराने स्वरुप में लौट आएंगे। बृहस्पतिवार से यह कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि जल्द ही चौरास रोड और स्टेडियम अपने स्वरुप में लौट जाएंगे। इस अवसर पर नगर पंचायत कीर्तिनगर की अध्यक्ष कैलाशी जाखी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र भंडारी, बीडी कुकरेती, वासुदेव भट्ट, रेवत सिंह मियां, नरेश नेगी, कुलदीप सिंह, इंद्रमोहन काला, किरन सिलवाल, पुष्पा चौहान और प्रवेंद्र पंवार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *