जल्द वाई-फाई सुविधा से लैस होंगे प्रदेश के सरकारी डिग्री कालेज

Spread the love

देहरादून। प्रदेश के 105 सरकारी डिग्री कालेजों को अब जल्द वाई-फाई सुविधा से लैस किया जा सकेगा। इसके लिए शासन स्तर पर उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। सूचना प्रौद्योगिकी विकास प्राधिकरण (आइटीडीए) के निदेशक डा आशीष श्रीवास्तव समिति के अध्यक्ष होंगे। उच्च शिक्षा के संयुक्त सचिव व उप सचिव, उच्च शिक्षा निदेशक या उनके प्रतिनिधि के साथ आइटीडीए के दो तकनीकी विशेषज्ञ समिति के सदस्य होंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने सोमवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में सरकारी डिग्री कालेजों को वाई-फाई सुविधा से जोडऩे को की जा रही तैयारी की समीक्षा की। बैठक में इस कार्य को जल्द अंजाम देने पर चर्चा की गई। डा रावत के निर्देश पर इस कार्य के लिए समिति गठित की गई है। समिति वाई-फाई कनेक्टिविटी से संबंधित खरीद प्रक्रिया को पूरा करेगी। साथ ही कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्णय के लिए शासन को भेजा जाएगा।
बैठक में बताया गया कि शासन कार्यदायी संस्था को चुने जाने के बाद उसे वाई-फाई के काम का जिम्मा सौंपेगा। आईटीडीए के तकनीकी निर्देशन में कालेजों को वाई-फाई सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यह कार्य पूरा होने के बाद खर्च का भुगतान उच्च शिक्षा विभाग करेगा। बैठक में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा राधा रतूड़ी, प्रभारी सचिव उच्च शिक्षा दीपेंद्र चौधरी, निदेशक आईटीडीए डा आशीष श्रीवास्तव, डा पीके पाठक, अपर सचिव उच्च शिक्षा एमएम सेमवाल, अनु सचिव ब्योमकेश दुबे, नोडल एडुसेट डा विनोद कुमार, पुष्कर नेगी सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *