रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने ऊखीमठ थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ऊखीमठ में ग्राम प्रहरियों से संवाद भी किया। ऊखीमठ पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने थाने का निरीक्षण करते हुए कई जानकारियां ली। साथ ही थाना भवन, कार्यालय एवं थाने को आवंटित सरकारी संपत्ति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में तैनात सभी पुलिस कर्मियों की बैठक ली। थाने पर नियुक्त आरक्षियों की बीट बुक का निरीक्षण करते हुए उनके द्वारा अपने से संबंधित बीट में की गई कार्रवाई एवं सूचनाओं की जानकारी ली गई। एसपी ने सभी कार्मिकों को कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से स्वयं का बचाव करते हुए अपने कर्तव्यों का अच्छे से निर्वहन किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस कर्मियों से संवाद स्थापित करने के बाद एसपी ने थाना ऊखीमठ के ग्राम प्रहरियों से भी संवाद किया। सभी ग्राम प्रहरियों से अपेक्षा करते हुए कहा कि वे अपने गांव से संबंधित सूचनाओं, अपराधिक घटनाओं या अन्य किसी भी प्रकार की सूचनाएं समय पर अपने गांव के बीट आरक्षी तथा थाना प्रभारी को सूचित करें। वर्तमान समय में कोरोना संक्रमण से स्वयं का बचाव करते हुए अपने गांवों से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग गणेश लाल कोहली, थानाध्यक्ष ऊखीमठ मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक अभिसूचना अनूप कुमार आदि मौजूद थे।