व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पुलिस लाइन सभागार में दिसंबर माह की मासिक अपराध बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में नियमित चेकिंग, गश्त और सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। सत्यापन के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, कैमरों की कवरेज क्षमता एवं बैकअप व्यवस्था की भी जांच की जाए। कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं हैं उनके स्वामियों को जागरूक कर सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
एसएसपी ने मुख्यालय स्तर से संचालित विशेष अभियानों की समीक्षा करते हुए ऑपरेशन स्माइल, ईनामी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभियानों का संचालन पूर्ण संवेदनशीलता, गंभीरता और तत्परता के साथ किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा व मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। थाना प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उनका भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने निर्देशित किया कि जनपद में आयोजित किए जा रहे जन-जागरूकता कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उन्हें उद्देश्यपूर्ण, प्रभावी बनाया जाए। साथ ही पुलिस अफसरों को आमजन से सीधा संवाद कर कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देने को कहा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्र मोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तुषार बोरा, सीएफओ राजेंद्र खाती, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिक सम्मानित
बैठक के दौरान बीते माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिकों को सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक विजय शैलानी, महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट, उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल, उपनिरीक्षक दिनेश चमोली, उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, उपनिरीक्षक रियाज अहमद, अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी, अपर उपनिरीक्षक सोहन लाल, मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, मुख्य आरक्षी प्रेम सिंह, मुख्य आरक्षी हेमंत कुमार, मुख्य आरक्षी संदीप चौहान, मुख्य आरक्षी अमित नेगी, मुख्य आरक्षी विपिन कुमार, आरक्षी हृदय भूषण, आरक्षी राजेश स्वामी, आरक्षी लोकेश गिरी, आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी सुरेश शाह, आरक्षी दिलदार सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने अधिकारी/कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *