केन्द्र व्यवस्थापक होंगे विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि जनपद चमोली में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक सम्पन्न कराई जाएंगी। जिलाधिकारी चमोली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
शासनादेश के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 15 (पूर्व की दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 21) के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र के केन्द्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया जा सकेगा। विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा केन्द्र की सीमाओं में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अनुचित गतिविधियों पर नियंत्रण तथा परीक्षा संचालन को निर्विघ्न सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों के 100 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *