छत्तीसगढ़ में रफ्तार का तांडव : कोरबा में 2 की मौत, कवर्धा में ट्रक पलटने से हाईवे जाम

Spread the love

कोरबा/कवर्धा, छत्तीसगढ़ , प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। गुरुवार देर रात कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
इधर, कवर्धा जिले में भी बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर चिल्फी थाना क्षेत्र के नागमोरी घाट में चावल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
ट्रक पलटने के कारण रायपुर से जबलपुर की ओर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू किया गया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *