रफ्तार ने ली बी फार्मा के दो छात्रों की जान

Spread the love

देहरादून()। दून में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो छात्रों की जान ले ली। मंगलवार देर रात धोरणपुल के पास एक अनियंत्रित बाइक विपरीत दिशा में जाकर पेड़ से जा टकराई। सड़क हादसे में डीआईटी के बी फार्मा प्रथम वर्ष के दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक बिहार और दूसरा मूल रूप से नागालैंड का रहने वाला था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। घटना के बाद से साथी छात्रों में शोक की लहर है। इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप रावत ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। देव कुमार पांडे (22 वर्ष) पुत्र राधे कुमार पांडे मूल निवासी कुमार, थाना सिकंदरा, जिला जमुई पटना (बिहार) बुलेट से अपने साथी रोनित विश्वास (19 वर्ष) पुत्र रतन विश्वास, मूल निवासी दीमापुर (नागालैंड) के साथ धोरणपुल की तरफ से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। आईटी पार्क चौक से ठीक पहले, आदर्श एंक्लेव गेट के पास हल्के मोड़ पर बाइक अचानक बेकाबू हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सीधे विपरीत दिशा में जाकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र बुरी तरह घायल हो गए। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। आसपास के लोगों की सूचना पर तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई। दोनों को उपचार के लिए मसूरी रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बाइक चालक देव कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पीछे बैठे रोनित विश्वास के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया। बुधवार करीब चार बजे इलाज के दौरान रोनित ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। दोनों मूसरी रोड स्थित डीआईटी यूनिवर्सिटी में बी फार्मा प्रथम वर्ष के छात्र थे। हादसे की सूचना पर दोनों साथी छात्र पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान वह भी गमगीन नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *