होली पर तेज रफ्तार का कहर, दो की मौत

Spread the love

रुद्रपुर। होली के मौके पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर दो परिवारों पर भारी पड़ गया। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय योगेंद्र कुमार पुत्र छतरपाल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली यूपी वर्तमान में रुद्रपुर के किच्छा रोड स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। बताया जा रहा है कि देर रात योगेंद्र कुमार ड्यूटी के दौरान किच्छा रोड पर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल योगेंद्र को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गाबा चौक के समीप काशीपुर फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार एक युवक, एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची समेत दो अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी से कांस्टेबल दिनेश कुमार और हिमांशु टम्टा मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुनील पुत्र आपाती राम निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *