रायबरेली में तेज रफ्तार कार पलटी, तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Spread the love

रायबरेली , उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर स्थित गोपालपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से जा रही थी। अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलटते हुए कई बार घूम गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घायलों को वाहन से निकालने में मदद की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में कार ड्राइवर को नींद लगने से हादसे की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की सही जानकारी जुटा रही है। घायलों से भी पूछताछ की जाएगी, जिससे हादसे की सही जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को कोहरे और रात में धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक कर रही है। साथ ही लगातार रास्तों पर पुलिस गश्त भी कर रही है। पुलिस की तरफ से लगातार इसको लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *