जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद रोड कंडारी कालोनी के समीप एक तेज रफ्तार जिप्सी ने कौड़िया की ओर जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। ई-रिक्शा सवार एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जिप्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार दोपहर ई-रिक्शा सवारियों को लेकर कौड़िया की ओर निकला। इसी दौरान नजीबाबाद रोड कंडारी कालोनी के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक जंगल सफारी जिप्सी ने ई-रिक्शा को टक्कर कार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा चालक सहित तीन सवारियां छिटककर सड़क पर गिर गई। साथ ही ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने निजी वाहन से चारों घायलों को राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचाया। ई-रिक्शा चालक की पहचान बीईएल रोड निवासी दीपक पाल के रूप में हुई है। जबकि, ई-रिक्शा में सवार होकर कौड़िया एकता नगर निवासी रोहिताश, बलभद्रपुर निवासी प्रमोद व सुषमा देवी अपने-अपने घर को जा रहे थे। दुर्घटना में प्रमोद की हालत गंभीर है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजविक्रम सिंह ने बताया कि जिप्सी चालक लैंसडौन जयहरीखाल ढौंठियाल निवासी धनवीर सिंह को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।