राष्ट्रीय खेलों के तहत विकसित होगा खेल वन पार्क : रेखा आर्या

Spread the love

देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के प्रत्येक पदक विजेता खिलाड़ी के नाम पर एक पौधा लगाया जाएगा। सरकार इन खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित कर रही है। ऐसे में इस प्रतियोगिता की याद में 10 हजार से ज्यादा पौधे लगातर खेल वन पार्क विकसित किया जाएगा। खेल मंत्री ने बुधवार को मीडिया को जारी बयान में कहा कि राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स के तौर पर ऐतिहासिक बनाने के लिए कई नई पहल की गई है। सभी खेल प्रतियोगिताओं में कुल 4350 मेडल दिए जाने हैं। जितने पदक विजेता होंगे उतने ही पौधे उन खिलाड़ियों के नाम से लगाए जाएंगे। इसके अलावा गेम्स में आने वाले अन्य मेहमान भी पौधे लगाएंगे। रेखा आर्या ने बताया कि खेलों के दौरान पटाखों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही इवेंट की सजावट के लिए लगायी गई कलाकृतियों और सेल्फी प्वाइंट को ई वेस्ट और खेल उपकरणों के वेस्ट से बनाया जा रहा है। खेल मंत्री ने बताया कि ज्यादातर खेल स्थलों पर सौर ऊर्जा से चलने वाले हीटिंग सिस्टम लगाए गए हैं।
बायोडिग्रेडेबल होंगे मेडल, ई वेस्ट से बनेगी ट्रॉफियां
खेल मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को दिए जाने वाले मेडल और प्रमाणपत्र भी पर्यावरण अनुकूल और बायोडिग्रेडेबल पदार्थ से बनाए गए हैं। ट्रॉफियों के निर्माण में ई-वेस्ट और वुडवेस्ट का उपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन की ब्रांडिंग में प्लास्टिक की जगह कपड़े का उपयोग होगा। ताकि प्लास्टिक कचरे को कम किया जा सके। इसके साथ ही खेल स्थलों पर खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग होगा। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में दो मेगावॉट क्षमता वाले सोलर रूफटॉप्स सिस्टम लगाए गए हैं।

राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक इवेंट में पर्यावरणीय चिंताओं को ध्यान में रखा जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक पदक विजेता खिलाड़ी के नाम पर एक पौधा लगाया जाएगा तो मेडल और प्रमाण पत्र को तैयार करने में भी ईवेस्ट और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया गया है। – रेखा आर्या, खेल मंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *