जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मेरा युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल द्वारा विकास क्षेत्र पौड़ी के खेल मैदान मैसमोर इंटर कॉलेज में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया। पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में युवा मंडल सर्किट हाउस ने युवा मण्डल पौड़ी वॉरियर्स को परास्त कर जीत अपने नाम की, वहीं दूसरी ओर महिला वर्ग में पिट्ठू प्रतियोगिता में युवा मण्डल हिल्स ने युवा मण्डल मैसमोर को हराकर जीत अपने नाम की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मैसमोर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र ने युवाओं को खेल के प्रति जागरुक करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं बल्कि अनुशासन टीम भावना और आत्मविश्वास का आधार हैं। ग्रामीण युवा खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारकर जनपद राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। महिला प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण बालिकाएं भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज को नई दिशा दे रही हैं। आज हम यहां ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धा के आयोजन के लिए एकत्रित हुए हैं। यह आयोजन न केवल हमारे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है बल्कि यह हमारे युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल के माध्यम से अपने कौशल को विकसित करने के लिए भी प्रेरित करता है। दौड़ प्रतियोगिता महिला वर्ग में ईशा प्रथम, दीपिका द्वितीय, आजरा तृतीय स्थान पर रही। दौड़ प्रतियोगिता पुरूष वर्ग में प्रथम वंश, द्वितीय आल्विन भट्ट तथा तृतीय स्थान पर इशान रहे। लम्बीकूद प्रतियोगिता पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान पर कुनाल, द्वितीय सूरज पाल, तृतीय स्थान आकाश निराला ने प्राप्त किया। साथ ही लम्बीकूद प्रतियोगिता महिला वर्ग में प्रथम काजल, द्वितीय अंजली, तृतीय स्थान सोनाली भण्डारी ने प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका में व्यायाम शिक्षक शुभम रावत एवं नितिन चौहान रहे। विजेता टीमों को मेडल, उपहार, प्रमाण पत्र देकर पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम के संचालन में राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवी अमन नयाल द्वारा प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया गया। साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ कहा गया कि कभी सामने वाले का कद देख के मैदान नहीं छोड़ना चाहिए। इस अवसर पर राजकीय इण्टर कॉलेज अध्यापक मनोज बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष चिराग गुसांई, राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवी प्रियंका असवाल, नेहा, शीतल, सलोनी, अतुल, अमन कुमार, शौर्य कुमार आदि उपस्थित रहे।